11.48 लीटर शराब के साथ दो गिरफ्तार
गाजीपुर के भदौरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने 11.480 लीटर शराब और बीयर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचते थे। रेलवे अधिनियम के तहत उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

गाजीपुर (दिलदारनगर)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से सोमवार देर शाम भदौरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी 13238 डाउन कोटा–पटना एक्सप्रेस से दो युवकों को 11.480 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई किया गया। दिलदारनगर आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी गणेश सिंह राणा ने बताया की मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक ऋषिकेश राय शर्मा, प्रधान आरक्षी सतीश कुमार सिंह तथा आरक्षी अरुण कुमार सिंह स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन के पिछले सामान्य कोच के गेट के पास दो युवक पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए।
पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। इसके बाद दोनों को ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला कुमार उर्फ राजू, निवासी जक्कनपुर, थाना बेन, जिला नालंदा (बिहार) तथा कुंदन कुमार उर्फ छोटी निवासी हिलसा (दिवरा पर), थाना हिलसा, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचते हैं। आरपीएफ ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 11.480 लीटर अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की। सहायक उपनिरीक्षक ऋषिकेश राय शर्मा की तहरीर पर आरपीएफ पोस्ट दिलदारनगर में रेलवे अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किया गया।


