ट्रंप का चुनावी वादा: हर अमेरिकी को पांच लाख मिलेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन की जीत पर हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 डॉलर देने का वादा किया है। हालांकि, इस योजना पर विशेषज्ञों के अनुसार एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक खर्च होगा और कांग्रेस की मंजूरी भी आवश्यक है। ट्रंप ने इसे 'ट्रंप डिविडेंड' कहा है।

- मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन को जिताने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का बड़ा वादा फीनिक्स (अमेरिका), एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को वादा किया कि यदि रिपब्लिकन पार्टी मध्यावधि चुनाव में प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों पर अपना नियंत्रण बनाए रखती है, तो हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 डॉलर (4.77 लाख रुपये) दिए जाएंगे। नवंबर में होने वाले चुनाव में अपनी पार्टी की कमजोर होती स्थिति को संभालने के लिए ट्रंप ने यह असाधारण घोषणा की है।
हालांकि, इस वादे पर सवाल उठ रहे हैं
हालांकि, इस वादे पर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक इस योजना पर एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक खर्च हो सकता है। इसे लागू करने के लिए कांग्रेस की मंजूरी भी जरूरी होगी। इससे अमेरिका का पहले से ही करीब 1.8 ट्रिलियन डॉलर का सालाना बजट घाटा और बढ़ सकता है तथा महंगाई को लेकर चिंताएं भी गहरा सकती हैं। ट्रंप ने डलास में रिपब्लिकन पार्टी के मध्यावधि सम्मेलन में कहा कि अगर रिपब्लिकन जीतते हैं तो आप हमारे साथ जीतेंगे और आपको 5,000 डॉलर मिलेंगे। उन्होंने इसे 'ट्रंप डिविडेंड' नाम दिया। ट्रंप ने इस भुगतान की तुलना किसी कंपनी द्वारा अपने शेयरधारकों को दिए जाने वाले लाभांश से की। उन्होंने इसके पीछे अमेरिका की आर्थिक मजबूती और सफलता का हवाला दिया।
वेंस ने दी सफाई
ट्रंप की घोषणा के करीब एक घंटे बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रस्ताव को कुछ हद तक सीमित करने की कोशिश की। उन्होंने संकेत दिया कि यह भुगतान अमीर लोगों को नहीं दिया जाएगा। वेंस ने यह भी संकेत दिया कि इस योजना का खर्च अमेरिकी टैरिफ से होने वाली आय से पूरा किया जा सकता है। हालांकि, प्रस्तावित 5,000 डॉलर का भुगतान अमेरिका द्वारा टैरिफ के जरिये जुटाई गई राशि से कहीं अधिक है।


