ओवरटेक कर रही बस को बचाने में गड्ढे में पलटा ट्रक
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक ओवरटेक कर रही बस को बचाने में एक ट्रक गड्ढे में पलट गया। ट्रक चालक ने सूझबूझ से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रक उत्तर प्रदेश से असम मक्के का छिलका लोड करके जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। अहियापुर थाना क्षेत्र में भीखनपुर के पास दरभंगा फोरलेन पर शुक्रवार को ओवरटेक कर रही बस को बचाने में एक ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। फोरलेन किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलटने से ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।
दुर्घटना की जानकारी
ट्रक चालक मोहम्मद नईम ने पुलिस को बताया कि ट्रक पर उत्तर प्रदेश के रामपुर में मक्के का छिलका लोड किया गया था। इसे असम पहुंचाना था। इस दौरान जब वह दरभंगा फोरलेन पर भीखनपुर के पास मेडिकल ओवरब्रिज से थोड़ा आगे बढ़ा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने लापरवाही से ओवरटेक किया। बस चालक ने ओवरटेक करने के तुरंत बाद ट्रक के ठीक सामने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। नईम के मुताबिक, अचानक सामने बस आने के बाद उसने गाड़ी को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस बीच ट्रक के दाहिने साइड में एक ऑटो आ गया। ऑटो सवार लोगों की जान बचाने के लिए उसने ट्रक की स्टीयरिंग बाईं तरफ मोड़ दी। रफ्तार अधिक होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और फोरलेन किनारे 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया।
पुलिस की कार्रवाई
उधर, हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। स्थानीय लोग वहां जमा हो गई। सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकलवाया। वहीं, हादसे के बाद बस चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले में कार्रवाई करने में जुट गई है।


