तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी बस में मारी टक्कर, दो महिलाओं समेत नौ घायल
बागपत में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी एक बस में टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाओं सहित नौ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और एक महिला को बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बागपत। राष्ट्र वंदना चौक पर रविवार सुबह 3 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार दो महिलाओं समेत नौ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल तथा सीएचसी बागपत में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक महिला की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया।
अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे में नेपाल (45), संजय (32) और सात वर्षीय गोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। वहीं गुड्डो (32), निवासी बदायूं को बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। इसके अलावा लोगेश्री (50), राजू (28), हिमांशु (12), कश्मीरा (24) और पंकज (7) को भी हल्की चोटें आई हैं। इन सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया है। घायल लोगों ने बताया गया कि श्रद्धालु राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र स्थित बागड़ धाम में दर्शन करने के बाद बस से अपने घर बदायूं लौट रहे थे। इसी दौरान बागपत के राष्ट्र वंदना चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

