गड्ढे में फंसी बाइक, बच्ची समेत तीन जख्मी
झंझारपुर के पिपरौलिया गांव के पास एनएच-27 पर एक सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय निभा कुमारी समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रेखा देवी की स्थिति गंभीर देख मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी गिरते समय बाइक पर सवार थे।

झंझारपुर। झंझारपुर के पिपरौलिया गांव के पास एनएच-27 पर मंगलवार देर रात सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय बालिका समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के सीतापटी गांव निवासी रेखा देवी (40), पंकज कुमार मंडल (25) और डोलापटी गांव निवासी निभा कुमारी (12) के रूप में हुई है। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से तीनों को टेंपो से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। रेखा देवी की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।चिकित्सकों
के अनुसार, उनके कान और मुंह से लगातार खून बह रहा था तथा वह अर्धबेहोशी की अवस्था में थीं। जानकारी के अनुसार, तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर झंझारपुर में आयोजित इंद्रपूजनोत्सव में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आधी रात के करीब वे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपरौलिया के पास एनएच-27 पर बने बड़े गड्ढे में बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फंस गई। संतुलन बिगड़ने से तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कुछ देर सड़क पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही।


