बुलंदशहर: ट्रिपल मर्डर केस में 50 हजार का इनामी सोनू गिरफ्तार
कोतवाली खुर्जा नगर में आरजेएस जिम में हुए ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी सोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे 50,000 रुपये का इनाम था। पुलिस ने उसके पास से दो अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इस मामले में पहले से कई आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित आरजेएस जिम में हुए ट्रिपल मर्डर के मामले में फरार 50 हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके पास से दो अवैध पिस्टल मय चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को सीओ शोभित कुमार ने बताया कि विगत 25 अप्रैल की रात सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम पर भाजपा के पूर्व सभासद संजय सैनी के दोनों भाई मनीष, अमरदीप और भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने अमरदीप के पिता स्वरूप सैनी की तहरीर पर दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
वहीं, विवेचना में एक अन्य नाम प्रकाश में आया था। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी जीतू सैनी की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। एक आरोपी मनीष ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस फरार चार आरोपियों की तलाश कर रही थी। आठ मई को थाना खुर्जा नगर पुलिस टीम व स्वाट टीम ने एक अभिसूचना के आधार पर ग्राम हसनगढ़ खंडहर के पास से हत्या की घटना में वांछित रवि सैनी पुत्र सुभाष निवासी मोहल्ला पंजाबीयान कस्बा व थाना खुर्जा नगर जनपद बुलन्दशहर, सौरभ उर्फ सिद्धू पुत्र राजकुमार निवासी सुभाष रोड कस्बा व थाना खुर्जा नगर जनपद बुलन्दशहर को दो अवैध पिस्टल मय चार जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया था। अब शुक्रवार को कोतवाली खुर्जा नगर पुलिस ने 50 हजार के इनामी सोनू पुत्र राकेश निवासी खुर्जा को अगवाल कट के निकट से गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनामी हत्यारोपी को जेल भेज दिया है।


