तिरंगा यात्रा में गूंजा भारत माता की जय
गाजीपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। विकास खंड अधिकारी महेंद्र प्रताप यादव ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित की गई थी, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस यात्रा ने राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
गाजीपुर (जमानियां)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को विकास खंड मुख्यालय परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। विकास खंड अधिकारी महेंद्र प्रताप यादव ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया और स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर सहभागिता की। यात्रा पांडेय मोड़, लोदीपुर और बिंद मोड़ मार्ग से होते हुए पुनः ब्लॉक परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। विकास खंड अधिकारी ने बताया कि यात्रा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित की गई है। इसमें विभागीय कर्मचारियों, सफाई कर्मियों, ग्राम प्रधानों व उनके प्रतिनिधियों समेत सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महेंद्र प्रताप यादव ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देती है। उर्दू बाबू वजाहत सिद्दीकी ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करने की अपील की। दिग्विजय कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा पूरे राष्ट्र का कार्यक्रम है।


