पूर्व मंत्री के अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, टूटीं दलीय सीमाएं
बैसा, एक संवाददाता। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं अमौर के पूर्व विधायक अब्दुल जलील मस्तान का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव सिरसी पहुंचा। ब

बैसा, एक संवाददाता। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं अमौर के पूर्व विधायक अब्दुल जलील मस्तान का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव सिरसी पहुंचा। बागडोगरा से किशनगंज, बायसी और रौटा होते हुए सिरसी पहुंचने के दौरान रास्ते में जगह-जगह समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बायसी, फकीरटोली, बेलगच्छी, पलसा, लालटोली, अमौर, हलालपुर, भवानीपुर, गेरुआ, सुरहा, रौटा और शीशाबाड़ी-मीरपुर समेत कई स्थानों पर लोग अंतिम दर्शन के लिए जुटे। सिरसी स्थित उनके आवास पर पहुंचते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
अंतिम दर्शन के दौरान राजनीतिक दलीय सीमाएं भी टूटती नजर आईं। लोगों ने कहा कि मस्तान का आम जनता से गहरा जुड़ाव था। वर्ष 1985 में निर्दलीय विधायक के रूप में राजनीतिक सफर शुरू करने वाले मस्तान बाद में कांग्रेस से जुड़े और छह बार अमौर के विधायक रहे। वर्ष 2015 में महागठबंधन सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था।


