हरिद्वार पुलिस ने गांधी-शास्त्री को श्रद्धांजलि दी
हरिद्वार में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुलिस द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित किए और उनके आदर्शों को याद किया। एसपी निशा यादव ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों का महत्व बताते हुए पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया।
हरिद्वार। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर हरिद्वार पुलिस की ओर से पुलिस लाइन रोशनाबाद समेत जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। पुलिस लाइन रोशनाबाद में एसपी अपराध/यातायात निशा यादव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सत्य, अहिंसा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वहीं, शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करते हुए समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम करना भी है। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया। पुलिस कार्यालय में सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने भी दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। जिले के सभी थाना-कोतवालियों और पुलिस कार्यालयों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

