वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों को बंधाया ढांढस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सिसवा बाजार के वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी और शव का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया। चौधरी ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
महराजगंज, वरिष्ठ संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को सिसवा बाजार के इंदिरा नगर वार्ड असमन छपरा निवासी जूनियर वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उनके निधन की सूचना मिलने पर केंद्रीय मंत्री उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सिसवा निवासी वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मंगलवार को उनका शव लखनऊ के होटल में मिला। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद देर रात शव यहां आया और गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार हुआ। राहुल सिंह के आवास पर पहुंचे पंकज चौधरी ने दिवंगत राहुल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका असमय निधन समाज और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों से संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत राहुल सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


