अमर शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनु अखौरी और परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद अर्पित की श्रद्धांजलि
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनु अखौरी और परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में शहीद के परिवार, पूर्व सैनिकों और समाज के विभिन्न लोगों ने भाग लिया। दामोदर मिश्र ने कहा कि मनु की बहादुरी युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू की ओर से गुरुवार को अमर शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनु अखौरी और परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद मनु अखौरी के आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इसमें उनकी माता नीरा अखौरी और पिता कर्नल संजय अखौरी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू प्रमंडल योद्धा समूह और रम्य भूमि ट्राइबल सैन्य परिवार कल्याण फाउंडेशन के सदस्यों ने भी शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और शहीद के पारिवारिक मित्रों ने भी श्रद्धांजलि दी।
दो मिनट का मौन रखकर शहीद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए परिषद के जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र ने कहा कि अमर शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनु अखौरी की बहादुरी और देशभक्ति युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि मनु अखौरी 10 सितंबर 2009 को पंजाब के मुक्तसर जिले के भलाईयाना गांव में मिग-21 लड़ाकू विमान से युद्धाभ्यास के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे।उन्होंने परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद को भी नमन करते हुए कहा कि 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में खेमकरण सेक्टर में उनके अदम्य साहस और वीरता को देश हमेशा याद रखेगा।मौके पर कर्नल मनोज कुमार शुक्ला, डॉ. अर्पण जयदीप, सुधीर सिंह, अभिनाश वर्मा, रामनाथ चंद्रवंशी, शंभूनाथ सिंह, लक्ष्मी नारायण तिवारी, सुनील कुमार सिंह, कामाख्या नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।


