शहीद रामफल की शहादत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: निशांत
अमर शहीद रामफल मंडल के शहादत दिवस पर मधुरापुर में समारोह हुआ। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने उनकी प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री ने कहा कि उनकी शहादत देशभक्ति और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी।

बाजपट्टी। अमर शहीद रामफल मंडल के शहादत दिवस पर रविवार को उनके पैतृक गांव मधुरापुर में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शहीद रामफल मंडल की नवस्थापित प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहीद रामफल मंडल की शहादत देशभक्ति, साहस और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की अद्वितीय मिसाल है, जो नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शहीद रामफल मंडल ने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूम लिया था। उनके जीवन से हमें अत्याचार और अन्याय के खिलाफ अडिग रहने की सीख मिलती है।
उन्होंने कहा कि शहीद के जीवन दर्शन को आत्मसात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास की नई इबारत लिखी है, जबकि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विकास की इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रतिमा अनावरण के बाद मंत्री ने माल्यार्पण कर शहीद को नमन किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘रामफल मंडल अमर रहें’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।


