शहीद रामआसरे लाल शर्मा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, परिजनों की आंखें हुईं नम
हिन्दुस्तान, रामपुर
शहीद दिवस पर ग्राम विक्रमपुर में वीर शहीद रामआसरे लाल शर्मा की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष वीरेश शर्मा ने शहीद की बहादुरी को याद किया।

शहीद दिवस के अवसर पर ग्राम विक्रमपुर में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद रामआसरे लाल शर्मा की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने शहीद के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष वीरेश शर्मा ने शहीद रामआसरे लाल शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। वक्ताओं ने उनके शौर्य को याद करते हुए बताया कि शहीद रामआसरे लाल शर्मा 10 अगस्त 2000 को जम्मू-कश्मीर के पुंछ-राजौरी क्षेत्र में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।
उनका अदम्य साहस और बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।


