सूबेदार के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
बिंदकी के सरकंडी गांव में सेना के जवान सूबेदार अर्जुन सिंह कुशवाहा की मृत्यु के बाद भारी शोक छा गया। हृदयगति रुकने के कारण उनकी मौत हुई। अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। सेना के जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के सदस्यों को तिरंगा सौंपा।

बिंदकी। देश को आंख दिखाने वालों को सीना तानकर जवाब देने वाले सिपाही की आंख हमेशा के लिए बंद हो गई। सरकंडी के लाल की ह्रदयगति थमने से मौत की खबर के बाद मातम पसर गया। जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारत माता की जय, हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारो से जवान को अंतिम विदाई दी गई। बिंदकी क्षेत्र के सरकंडी गांव निवासी सेना के जवान सूबेदार अर्जुन सिंह कुशवाहा पुत्र वंशी कुशवाहा वर्तमान समय में मेरठ में तैनात थे। दो दिन पूर्व हृदयगति थमने से मौत हो गई। जिसकी खबर के बाद जवान के घर से लेकर गांव में शोक छा गया।
मंगलवार की सुबह जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सेना से आए हुए जवानों ने जवान के पिता को वर्दी और तिरंगा सौंपा। इसके बाद भारत माता की जय और हिन्दुस्तान जिंदाबाद के जयकारों के बाद अंतिम यात्रा खजुहा रोड स्थित शवदाह गृह केंद्र पहुंची। जहां पर सेना के जवानों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी गई। इसके बाद नायब तहसीलदार अमरेश सहित परिजनों, ग्रामीणों, समाजसेवियों ने जवान को पुष्प अर्पित किया। वहीं सपा नेता रामेश्वर दयालू भी पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किया। उन्होने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग रखी है कि जवान की स्मृति के लिए स्मारक स्थल का निर्माण कराया जाए।


