स्वतंत्रता सेनानियों और युद्ध वीरों को किया नमन
देश की स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के अवसर पर ग्रैनीज़ डेन रिज़ॉर्ट में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को समर्पित समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कोमोडोर राजेश कुमार कांबोज ने ध्वज फहराया और मौजूद लोगों ने राष्ट्रीयता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बच्चों के प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक बना दिया।
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के अवसर पर ग्रैनीज़ डेन रिज़ॉर्ट में स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरों और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को समर्पित समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और कृतज्ञता के साथ वीरों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अतिथि कोमोडोर राजेश कुमार कांबोज, एनएम (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता जताई। कोमोडोर कांबोज को भारतीय नौसेना में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दो बार नौसेना प्रमुख का प्रशंसा पत्र मिल चुका है। वर्ष 2025 में उन्हें आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में योगदान के लिए राष्ट्रपति ने नौसेना मेडल से सम्मानित किया था।
समारोह में वरिष्ठ पूर्व सैन्य अधिकारी, सेवारत सैन्यकर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता अनेक ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर भी है। आयोजन में युवाओं को देशभक्ति, साहस, सेवा और त्याग के मूल्यों से जोड़ने का संदेश दिया गया।


