लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पार्पित कर श्रद्धांजलि दी
गाजियाबाद के शास्त्री नगर में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद और विधायक ने शास्त्री जी के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सादगी, ईमानदारी और किसानों की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।

गाजियाबाद, वंदना। शास्त्री नगर में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। लाल बहादुर शास्त्री पार्क में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय पार्षद अमित त्यागी ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शामिल हुए मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। विधान परिषद सदस्य प्रत्याशी दिनेश गोयल ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने कार्यकाल में देश को आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित का संदेश दिया।
भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा ने कहा कि शास्त्री जी का संपूर्ण जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा। भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कविनगर मंडल प्रभारी डॉ. राजेन्द्र यादव ने कहा कि शास्त्री जी ने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया था। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वच्छता, श्रमदान और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लेने का आह्वान किया।इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, ब्लॉक प्रमुख राहुल चौधर, महानगर कार्यसमिति सदस्य गर्व त्यागी, साहब सिंह सिरोही, विजय धामा, पूर्व पार्षद ललित शर्मा, मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर आदि ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

