मनीष खंडूरी ने साझा की पिता से जुड़ी यादें
यमकेश्वर में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल स्व. भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि दी गई। इस सभा में जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद करते हुए पुष्प Aर्पित किए। वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन और उत्तराखंड के विकास में योगदान को सराहा। उनके पुत्र ने पिता की यादें साझा की।

यमकेश्वर में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल स्व. भुवन चंद्र खंडूरी को याद किया गया। श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शुक्रवार को यमकेश्वर विकासखंड मुख्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. खंडूरी के राजनीतिक जीवन, ईमानदारी, अनुशासन और उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान को याद किया। स्व. भुवन चंद्र खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूरी ने अपने पिता से जुड़ी यादें साझा करते हुए कहा कि यमकेश्वर क्षेत्र से उनके पिता का गहरा लगाव रहा है।
कहा कि केंद्रीय परिवहन मंत्री के रूप में रहते हुए उन्होंने क्षेत्र की सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया था। कहा कि यमकेश्वर के प्रवेश द्वार गरुड़चट्टी में मोटर पुल का निर्माण भी उनके पिता के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में रहा। यमकेश्वर के लोगों से उनके पिता का आत्मीय संबंध रहा और क्षेत्र के विकास को लेकर वह हमेशा गंभीर रहे। मौके पर यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, संजीव चौहान, मीरा रतूड़ी, शांता बमराड़ा, अनिल रावत, पूर्व जिपं सदस्य विनोद डबराल, नवनीत राजपूत, मुकेश देवरानी आदि उपस्थित रहे।


