कर्तव्य निर्वहन के दौरान दिवंगत डॉ. डिमरी को दी श्रद्धांजलि
नैनीताल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ के प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। डॉक्टरों ने उन्हें ऑन-ड्यूटी शहीद का दर्जा देने और आश्रितों के लिए सभी देयकों के जल्द भुगतान की मांग की। डॉ. डिमरी 11 जुलाई को प्राकृतिक आपदा के दौरान अपनी सेवाएं देते हुए निधन हो गए।
नैनीताल, संवाददाता। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ (चमोली) के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संघ के डॉ. नवीन चंद्र डिमरी के निधन पर सोमवार को बीडी पांडे अस्पताल में शोक सभा कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान डॉक्टरों ने प्रदेश और केंद्र सरकार से उन्हें ऑन-ड्यूटी शहीद का दर्जा देने और उनके आश्रितों को सभी देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।बताया कि 11 जुलाई को प्राकृतिक आपदा के दौरान शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते समय डॉ. डिमरी का निधन हो गया था। उन्होंने अंतिम समय तक जनसेवा और अपने चिकित्सकीय दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया।
सोमवार को उनके अंतिम संस्कार के बाद प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संघ की कोर कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में अपराह्न एक बजे शोक सभा की गईं। बीडी पांडे जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति को प्रार्थना की। शोक सभा के बाद अस्पताल की ओपीडी सेवाएं बंद रखी गईं, जबकि आपातकालीन चिकित्सा एवं पोस्टमार्टम सेवाएं पूर्ववत संचालित होती रहीं। इस अवसर पर अस्पताल की प्रभारी पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल, डॉ. नरेंद्र रावत, डॉ. प्रियांशु श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा कांडपाल, डॉ. अनिरुद्ध गंगोला आदि रहे।


