शहीद गुलाबचंद सविता को नमन, पत्नी शांति देवी का हुआ सम्मान
मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के तहत दारानगर में कारगिल शहीद गुलाबचंद सविता के स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष रागिनी केसरवानी ने शहीद को नमन किया और उनकी पत्नी शांति देवी को सम्मानित किया। इस दौरान लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति का प्रदर्शन किया।

मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम में संत मलूक दास द्वार के समीप स्थित कारगिल शहीद गुलाबचंद सविता के स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वीर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। पुलिस के जवानों ने शहीद को सलामी देकर उनके बलिदान को याद किया। नगर पंचायत अध्यक्ष रागिनी केसरवानी ने कहा कि धन्य है वह मां, जिसने वीर शहीद गुलाबचंद सविता जैसे सपूत को जन्म दिया। उनके बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा मिलती रहेगी। अधिशासी अधिकारी दिनेश सिंह ने कहा कि मां भारती के चरणों में अपने प्राण न्योछावर कर देश की रक्षा करने वाले शहीद गुलाबचंद ने अपने परिवार के साथ पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रागिनी अरुण केसरवानी एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश सिंह ने शहीद की पत्नी शांति देवी को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने वीर शहीद की प्रतिमा एवं उनकी पत्नी को सैल्यूट कर अंगवस्त्र ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। शहीदों एवं फौजियों के परिवार का सम्मान करने के साथ लोगों ने उनकी मदद की अपील की। स्मारक स्थल पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सभी ने अपनी आस्था व्यक्त की। इस दौरान भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण केसरवानी, उपनिरीक्षक विनोद यादव, शिवम बाबू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


