जनजातीय कर्मचारियों के लंबित मामलों का 15 दिन में समाधान मांगा
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में जमशेदपुर में यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और अन्य सेवा संबंधी मामलों पर चर्चा की गई। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की समीक्षा बैठक हुई। इसमें यूसीएल के सीएमडी डॉ. के आनंद राव, निदेशक बीके दास समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इससे पहले आयोग के आठ सदस्यीय दल ने जादूगोड़ा के मेचुआ, ईचड़ा समेत आसपास के यूरेनियम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से संवाद के दौरान पेयजल, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, विस्थापित परिवारों के रोजगार व उचित मुआवजे और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।
आयोग ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जनजातीय कर्मचारियों के रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास और अन्य सेवा संबंधी मामलों पर भी चर्चा हुई। डॉ. आशा लकड़ा ने लंबित मामलों का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यूसीएल अधिकारियों को आयोग के निर्देशों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिन के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया।


