पौधों को सुरक्षित रखने का लिया गया संकल्प
फर्रुखाबाद में मेजर एसडी सिंह विश्वविद्यालय में 'वृक्षारोपण महायज्ञ' आयोजित किया गया। शिक्षकों और छात्रों ने उत्साह पूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कुलसचिव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यावश्यक है। कार्यक्रम में सभी ने पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प किया।
फर्रुखाबाद। मेजर एसडी सिंह यूनिवर्सिटी परिसर में 'वृक्षारोपण महायज्ञ' का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों में शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। विश्वविद्यालय की 'कृष्णा वाटिका' में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कार्यवाहक कुलसचिव मानवेंद्र सिंह चौहान और आयुर्वेद संकाय के डीन डॉ. अंबरीश कुमार ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया । आयुर्वेद संकाय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कुलसचिव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। नर्सिंग फैकल्टी की डीन प्रो. शेरिन पी. एलेक्स ने अपने स्टाफ और विद्यार्थियों के साथ मिलकर पूरे परिसर में सघन वृक्षारोपण किया।
फार्मेसी संकाय में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। फार्मेसी डीन डॉ. बिंदु राठौर ने प्राचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की टीम के साथ मिलकर फार्मेसी ब्लॉक परिसर को पौधों से हरा-भरा कर दिया। महायज्ञ के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन ने इस बात पर जोर दिया कि केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रतिभागियों ने पौधों को सुरक्षित रखने और उनके बड़े होने तक उनकी देखरेख करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान पूरे विश्वविद्यालय का वातावरण हरियाली से सराबोर दिखाई दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र छात्राओं और समन्वयक डॉ पुष्पेंद्र सिंह और कार्यक्रम अधिकारी डॉ कुंदन मिश्रा और डॉ गीता सेंगर उपस्थित रही ।


