स्वतंत्रता दिवस पर मधुबन-बापूधाम में गूंजा ‘वंदे मातरम्’
‘एक पेड़ देश के नाम’ के तहत हुआ पौधारोपण गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस
‘एक पेड़ देश के नाम’ के तहत हुआ पौधारोपण गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा मधुबन-बापूधाम योजना में ‘वंदे मातरम् वाटिका’ विकसित करते हुए ‘एक पेड़ देश के नाम’ थीम के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की और देश के नाम एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल द्वारा हरिशंकरी का पौधा लगा कर किया गया। सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने आंवला का पौधा लगाया। इसके अतिरिक्त प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
बच्चों की भागीदारी
स्कूली बच्चों ने ‘एक पेड़ देश के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने उत्साह एवं उमंग के साथ पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित किया गया। बच्चों ने पौधारोपण कार्यक्रम का आनंद लेते हुए प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा।
उपाध्यक्ष की सराहना
इस अवसर पर उपाध्यक्ष ने बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उनका हौसलाअफजाई किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए ये पौधे आने वाले वर्षों में हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के साथ-साथ बच्चों के राष्ट्रप्रेम एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना के भी प्रतीक बनेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ते हुए ‘एक पेड़ देश के नाम’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। ‘वंदे मातरम् वाटिका’ के माध्यम से मधुबन-बापूधाम को और अधिक हरा-भरा एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई।


