पौधरोपण करने के साथ ही संरक्षित करने का लिया गया संकल्प
रविवार को चकिया में 'एक पेड़ मां के नाम' पौधरोपण महाअभियान का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया। इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य और रमेश जायसवाल ने भी पौधे लगाए। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पौधों का संरक्षण जरूरी है और हर नागरिक को इसमें योगदान देना चाहिए।

चकिया, हिन्दुस्तान संवाद। 'एक पेड़ मां के नाम' पौधरोपण महाअभियान के तहत रविवार को चंद्रप्रभा रेंज की जलेबिया रोपावनी में जनपद स्तरीय पौधरोपण महाअभियान का भव्य शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समारोह पूर्वक किया। इस अवसर पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य एवं मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। जनप्रतिनिधियों ने हरिशंकरी वाटिका में बरगद, पीपल और पाकड़ के पौधे लगाकर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को साकार किया। समारोह का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। एसआरवीएस स्कूल, सिकंदरपुर के विद्यार्थियों ने वन संरक्षण पर आधारित एकांकी प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जबकि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय चकिया के बच्चों ने विशेष पीटी प्रदर्शन और स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वन महोत्सव अभियान को जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि लगाए गए पौधों की देखभाल की जाए, तभी यह अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि वृक्ष भारतीय संस्कृति और जीवन का अभिन्न अंग हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि लगाया गया पौधा वृक्ष बनकर अपनी पूर्णता प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण में योगदान देना चाहिए। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि गूलर, पाकड़, नीम और बरगद जैसे देशी वृक्षों का अधिक से अधिक रोपण किया जाना चाहिए। ये वृक्ष न केवल भरपूर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि अत्यधिक गर्मी और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का भी सामना करने में सक्षम हैं। कार्यक्रम के दौरान जलेबिया रोपावनी में 10 हेक्टेयर क्षेत्रफल में कुल 4 हजार पौधों का रोपण किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि अभियान का उद्देश्य सफल हो सकें। इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, सीआरपीएफ के डीआईजी राकेश कुमार सिंह, डीएफओ बी. शिवशंकर, एसडीएम विकास मित्तल, विनय कुमार मिश्रा, वृक्ष बंधु परशुराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, नौगढ़ ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह, चकिया ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव, रेंजर अखिलेश दुबे, अश्विनी चौबे, एके श्रीवास्तव, डिप्टी रेंजर आनंद दुबे, अखिलेश चौबे, वन दरोगा रिशु चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


