दीपावली पर सफर मुश्किल, ट्रेनों में ‘नो रूम’, बस-फ्लाइट भी महंगी
दीपावली पर प्रयागराज और पूर्वांचल लौटने वाले यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। ट्रेनों में सीटें भरी होने के कारण स्लीपर बसों का किराया और महंगा हो गया है। ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची भी लंबी होती जा रही है।

प्रयागराज, संवाददाता। दीपावली पर दिल्ली और मुंबई से प्रयागराज व पूर्वांचल लौटने वाले यात्रियों की मुश्किल बढ़ गई है। ट्रेनों में सीटें फुल होने के बाद अब स्लीपर बसों का किराया भी बढ़ गया है, जबकि प्रयागराज आने वाली फ्लाइटों की बुकिंग भी महंगी हो गई है। छह और सात नवंबर को यात्रियों की सीजन की सर्वाधिक भीड़ रहने की संभावना है।
ट्रेनों की स्थिति
दिल्ली रूट पर 30 से अधिक और मुंबई रूट पर 16 से अधिक ट्रेनों में आरक्षण प्रणाली ‘रिग्रेट’ दिखा रही है। यानी इन ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची में भी टिकट उपलब्ध नहीं है। प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा, पूर्वा, मगध, रीवा, स्वतंत्रता सेनानी, ब्रह्मपुत्र मेल, पुरुषोत्तम, कालिंदी और बनारस सुपरफास्ट समेत कई नियमित ट्रेनों में सभी श्रेणियों की सीटें भर चुकी हैं। वंदे भारत और राजधानी में भी जगह नहीं है।
स्पेशल ट्रेनों की स्थिति
स्पेशल ट्रेनों में भी राहत नहीं मिल रही है। हमसफर एक्सप्रेस के स्लीपर में रिग्रेट और थर्ड एसी में प्रतीक्षा सूची 361 के पार है। दानापुर स्पेशल के स्लीपर में रिग्रेट और थर्ड एसी में 290 तक प्रतीक्षा सूची है। पाटलिपुत्र स्पेशल के स्लीपर में 282 और मुजफ्फरपुर स्पेशल के थर्ड एसी में 348 तक प्रतीक्षा सूची चल रही है। मुंबई रूट पर महानगरी, कामायनी, गोदान, प्रयागराज दुरंतो, कोलकाता मेल और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस समेत 16 से अधिक ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है। सूबेदारगंज-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस में प्रतीक्षा सूची 350 के पार पहुंच गई है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से यात्री स्लीपर बसों और विमान का रुख कर रहे हैं, जिससे दोनों माध्यमों का किराया भी बढ़ गया है。

