बगैर मानक दौड़ती मिलीं दो स्लीपर बसें सीज, यात्री उतारे
शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने हाईवे पर दो स्लीपर बसों पर कार्रवाई की। जांच में मानकों का उल्लंघन पाया गया और बसों को सीज कर दिया गया। यात्रियों को रोडवेज बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया। ऑपरेशन कवच अभियान के तहत 11 बसें सीज की गईं और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।

फिरोजाबाद, हिन्दुस्तान संवाद। शनिवार सुबह सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने हाईवे पर दौड़ रही दो स्लीपर बसों पर कार्रवाई की। इन स्लीपर बसों के द्वारा मानक का पालन नहीं किया जा रहा था। एआरटीओ की जांच में परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर इन दोनों बसों को सीज कर दिया है। इन बसों में यात्रा कर रही सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। एआरटीओ ने रोडवेज बस रुकवा कर उनमें बैठाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। लंबी दूरी तय करने वाली स्लीपर एवं ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट बसों में यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता करने कि लिए शासन द्वारा ऑपरेशन कवच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में फिटनेस, सुरक्षा मानक, इमरजेंसी एक्जिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स आदि की भी जांच की जा रही है, ताकि एक्सप्रेस एवं हाईवे पर दौड़ती बसों को हादसे से बचाया जा सके। शनिवार सुबह टूंडला टोल पर एआरटीओ गौरीशंकर ने जांच की। दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस में मानकों में कमियां मिली।
परमिट का उल्लंघन
इसके साथ परमिट का उल्लंघन पाया। वहीं इटावा की तरफ जा रही एक स्लीपर बस में भी यही स्थिति मिली। इन दोनों बसों को सीज कर दिया। इन बसों के यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। एआरटीओ ने मौके पर ही स्लीपर बस के चालक एवं परिचालक से इन यात्रियों द्वारा दिया गया किराया वापस कराते हुए रोडवेज बसों को रोक कर इन यात्रियों को उनसे रवाना किया। वहीं दोनों स्लीपर बस को रोडवेज बस स्टैंड में खड़ा करा दिया।
ऑपरेशन कवच अभियान
ऑपरेशन कवच अभियान के तहत हाईवे पर अभियान चलाया गया। तीन दिन के अभियान में 11 बसों को सीज किया है तथा कई बसों के चालान किए गए हैं। एक्सप्रेस वे एवं हाईवे पर निरीक्षण के दौरान चार बसों के सुरक्षा एवं तकनीकी मानक पर खरा न उतरने पर नोटिस भेज कर परमिट निलंबन का नोटिस दिया गया है। डग्गेमार एवं अनाधिकृत वाहन संचालकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। बस संचालक आपातकालीन द्वार के साथ अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन करें।
-गौरीशंकर, एआरटीओ
---एक नजर में---
35 बसों का किया गया चालान।
11 बसें नियमों के उल्लंघन पर सीज।
1.50 लाख रुपये वसूला गया जुर्माना।
04 बसों को सुरक्षा एवं तकनीकी मानक पर खरा न होने पर नोटिस।


