मिनी नंदिनी योजना के तहत ई-लॉटरी से छह लाभार्थियों का चयन
हिन्दुस्तान, मुजफ्फर नगर
नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मिनी नंदिनी योजना 2026-27 के लाभार्थियों का पारदर्शी चयन संपन्न हुआ। विकास भवन सभागार में ई-लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया हुई, जिसमें 174 आवेदनों में से 77 अभ्यर्थी पात्र पाए गए। 3 पुरुष और 3 महिला लाभार्थियों का चयन किया गया, जबकि 71 आवेदक प्रतीक्षा सूची में हैं।

नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मिनी नंदिनी योजना 2026-27 के तहत जनपद के लाभार्थियों का पारदर्शी चयन संपन्न हुआ। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में गठित चयन समिति और आवेदकों की उपस्थिति में पोर्टल पर ई-लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई। योजना के तहत प्राप्त कुल 174 ऑनलाइन आवेदनों में से सत्यापन के पश्चात 77 अभ्यर्थी पात्र पाए गए। आवेदकों के समक्ष ई-लॉटरी की चरणबद्ध प्रक्रिया पूर्ण करते हुए 3 पुरुष तथा 3 महिला लाभार्थियों का चयन कर उन्हें स्वीकृत किया गया। चयन समिति में नोडल अधिकारी डॉ. संदीप सिंह, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डा. जितेंद्र गुप्ता और जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनिल सिंह उपस्थित रहे।
चयन के बाद शेष 71 आवेदकों 49 पुरुष एवं 22 महिला को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।


