सदर अस्पताल में अब इमरजेंसी मरीजों का भी होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी और मरीज-केंद्रित बनाने के लिए नवादा सदर अस्पताल में इमरजेंसी मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट आईडी बनाई जाएगी और इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे मरीजों को पुराने पर्चे लेकर नहीं घूमना पड़ेगा। इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को तेज और व्यवस्थित बनाना है।

जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह पारदर्शी, हाईटेक और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक अहम पहल की है। अब नवादा सदर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले इमरजेंसी मरीजों का भी भव्या पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण यानी डिजिटल रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत इमरजेंसी में आने वाले हर मरीज की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाई जाएगी और उसका इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (ईएचआर) तैयार किया जाएगा। इससे मरीजों का संपूर्ण मेडिकल इतिहास उनके मोबाइल पर हमेशा के लिए सुरक्षित रहेगा और उन्हें भारी-भरकम फाइलें या पुराने पर्चे लेकर घूमने की मजबूरी से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी। सिविल सर्जन डॉ.बिनोद कुमार चौधरी ने बताया कि सारी योजनाओं को मूर्त रूप दिए जाने की तैयारी कर ली गयी है। धीरे-धीरे एडमिट होने वाले मरीज से संबंधित सूचनाएं डिजिटली दर्ज करने समेत सभी जानकारियां अपडेट रखी जाएंगी।


