भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा को लेकर पर्यवेक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
तुलसीपुर में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तहत भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के पर्यवेक्षकों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें 73 विद्यालयों के पर्यवेक्षकों को परीक्षा के सही आयोजन के लिए मार्गदर्शन दिया गया। 19 सितंबर को आयोजित परीक्षा में 11,000 बच्चे भाग लेंगे।
तुलसीपुर, संवाददाता। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में 19 सितंबर को प्रदेशभर में आयोजित होने वाली भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की तैयारियों को लेकर गायत्री शक्तिपीठ तुलसीपुर के साधना हाल में पर्यवेक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें तुलसीपुर क्षेत्र के 73 विद्यालयों में परीक्षा संपन्न कराने के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रभारी गुलाब चंद्र भारती ने कहा कि सभी पर्यवेक्षक परीक्षा सामग्री के साथ 19 सितंबर को समय से मिशनरी गणवेश में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें। परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में विद्यालय के शिक्षकों के साथ पर्यवेक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की शुरुआत वर्ष 1994 में हुई थी, जो आज विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। इस वर्ष जनपद बलरामपुर के करीब 150 विद्यालयों के 11 हजार बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे। राजकुमार जायसवाल ने ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओएमआर भरने में गलती होने पर परीक्षार्थी को सही प्रमाणपत्र प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। इसलिए पर्यवेक्षक बच्चों को उचित मार्गदर्शन दें। कार्यशाला में ट्रस्टी प्रदीप कुमार गोयल, कन्हैयालाल वर्मा, परिव्राजक राम भारती गोस्वामी सहित महिला मंडल की सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


