तकनीकी दक्षता के लिए जीविका दीदियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण : श्रवण
ग्रामीण विकास मंत्री ने दिया है आवश्यक निर्देश पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। जीविका दीदियों को

जीविका दीदियों को उनके कार्य कौशल में अधिक दक्ष बनाने के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इसके लिए विभाग को आवश्यक निर्देश दिया है। जीविका के अधिकारियों ने कहा कि दीदियों के लिए अलग-अलग जिलों में विशेष ट्रेनिंग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इसमें इन दीदियों को सिलाई-कढ़ाई, पशुपालन के साथ ही दूसरे कई क्षेत्रों में कौशल विकास से संबंधित जानकारी विशेषज्ञों की टीम दे रही है। हाल ही में हाजीपुर के बिहार सुधारात्मक प्रशासनिक संस्थान (बीका) में स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं जीविका दीदियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
इसमें 250 से भी अधिक दीदियों ने भाग लिया। इसी तरह फ्लिपकार्ट के विशेषज्ञों ने इन सभी दीदियों को अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री, डिजिटल मार्केटप्लेस और ई-कॉमर्स के माध्यम से व्यवसाय का विस्तार करने संबंधी प्रशिक्षण दिया। राज्य में सक्रिय करीब 13 लाख स्वयं सहायता समूहों से एक करोड़ 81 लाख से भी ज्यादा दीदियां जुड़ी हुई हैं। ये दीदियां जीविकोपार्जन से संबंधित अलग-अलग गतिविधियां संचालित कर रही हैं। इनमें मुख्य रूप से सिलाई-कढ़ाई, रसोई, लाइब्रेरी, नर्सरी आदि संचालन का पूरा कार्यभार इन दीदियों ने संभाल रखा है।


