प्रमंडल स्तरीय वॉश सीसीईएस पर एक दिनी प्रशिक्षण
पलामू, गढ़वा और लातेहार के स्कूलों में जल, स्वच्छता और स्वच्छ व्यवहार को बढ़ावा देने हेतु गुरुवार को गिरिवर प्लस-2 उच्च विद्यालय में प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षित और सतत विद्यालयों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू, गढ़वा और लातेहार के स्कूलों में जल, स्वच्छता एवं स्वच्छ व्यवहार को बढ़ावा देने तथा सुरक्षित एवं सतत विद्यालयों के निर्माण के उद्देश्य से वॉश-सीसीईएस विषय पर प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को गिरिवर प्लस-2 उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उदघाटन आरजेडीई सह पलामू जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, समग्र शिक्षा अभियान के एडीपीओ मनोज कुमार मिश्रा, यूनिसेफ वॉश के स्टेट कंस्लटेंट हेमल राज सोलंकी आदि ने संयुक्त रूप से किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यालयों में जल, स्वच्छता एवं स्वच्छ व्यवहार, जलवायु-अनुकूल एवं सतत विद्यालयों के विकास, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला में तीनों जिला के 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। डीइओ ने कहा कि छह इंडिकेटर पर अच्छे तरीके से काम करना है। एपीओ मनोज मिश्रा ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ व्यवहार एवं सतत संचालन को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण काफी महत्वपूर्ण हैं। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रतिभागी प्रखंड स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगें।


