निपुण भारत के लक्ष्य को धार देगा एफएलएन प्रशिक्षण
कैसरगंज में, निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण शिक्षकों को बच्चों की भाषा और गणितीय दक्षताओं में सुधार लाने पर केंद्रित है, जिसमें एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया है।

कैसरगंज, संवाददाता। ब्लाक संसाधन केन्द्र कुण्डासर में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी तथा एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों पर आधारित तृतीय चरण का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार से शुरू हुआ। प्रशिक्षण खंड शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र बहादुर चौधरी के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों में बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं के विकास, कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने तथा एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों के बेहतर उपयोग की व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है। साथ ही गतिविधि आधारित एवं बाल केंद्रित शिक्षण के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।प्रशिक्षण
में एआरपी रसल रघुवंशी, डॉ. क्षमा सिंह, सूर्यप्रताप सिंह, उमेश पाण्डेय एवं केदार नाथ सिंह संदर्भदाता के रूप में शिक्षकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। एलएलएफ की ओर से सूबिया बानो भी प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान कर रही हैं।


