प्रशिक्षण से स्कूली शिक्षा में सकारात्मक बदलाव होगा संभव
शहर स्थित शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कक्षा 3 से 5 के शिक्षकों के लिए चार दिवसीय आवासीय दिशा 2.0 प्रशिक्षण शुरू हुआ। 166 शिक्षक शामिल हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य उनकी क्षमता बढ़ाना और बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाना है। प्रशिक्षण के दौरान नई शिक्षा नीति और प्रभावी शिक्षण के तरीके बताए जा रहे हैं।

शहर स्थित शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में सोमवार से कक्षा 3 से 5 के शिक्षकों के लिए चार दिवसीय आवासीय दिशा 2.0 प्रशिक्षण शुरू हुआ। 28 सितंबर से 1 अक्तूबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जिले के 166 शिक्षक शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के साथ कक्षा में बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाना है।
प्रशिक्षण की गतिविधियाँ
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को नई शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा के अनुरूप प्रभावी शिक्षण के तरीके बताए जा रहे हैं। प्रशिक्षण में भाषा, गणित और पर्यावरण अध्ययन के साथ बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा बच्चों के सीखने के परिणाम, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम), समावेशी शिक्षा, बाल-केंद्रित शिक्षण और बच्चों के आकलन से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। शिक्षकों को कक्षा में डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग के तरीके भी बताए जा रहे हैं, ताकि तकनीक के माध्यम से शिक्षण को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाया जा सके। डायट के प्रभारी प्राचार्य अखलाख खान ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षक प्रशिक्षण स्कूली शिक्षा में सकारात्मक बदलाव का आधार है। प्रशिक्षण में सीखी गई बातों और नए शिक्षण तरीकों को शिक्षक स्कूलों में प्रभावी ढंग से लागू करें तो बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण के सभी सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
आधुनिक शिक्षण कौशल
आईक्यूएसी समन्वयक सह व्याख्याता राकेश कुमार ने कहा कि दिशा 2.0 प्रशिक्षण शिक्षकों को विषयगत ज्ञान के साथ आधुनिक शिक्षण कौशल, डिजिटल दक्षता और बच्चों के सीखने का सही आकलन करने की क्षमता विकसित करने का अवसर देता है। प्रशिक्षण में डायट के व्याख्याता, संसाधन व्यक्ति और कर्मी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के अंतिम दिन शिक्षकों से फीडबैक लिया जाएगा। साथ ही पोस्ट-टेस्ट के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा।
व्यवहारिक अभ्यास
गतिविधियों और व्यवहारिक अभ्यास से सीखने पर जोर प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय गतिविधियों और व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से शिक्षण के नए तरीकों से परिचित कराया जा रहा है। समूह चर्चा, प्रदर्शन, प्रस्तुतीकरण, गतिविधि आधारित अधिगम और डिजिटल सत्र के माध्यम से कक्षा में बच्चों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के तरीके समझाए जा रहे हैं। शिक्षकों को ऐसी गतिविधियां कराने का अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे बच्चे पढ़ाई में रुचि लें और विषयों को आसानी से समझ सकें। प्रशिक्षण में बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, तार्किक सोच, समस्या समाधान और मिल-जुलकर सीखने की क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। शिक्षकों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों की अलग-अलग सीखने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए कक्षा में शिक्षण की रणनीति तैयार की जाए। (नवादा से शशि भूषण पाठक)

