पान उत्पादन की आधुनिक तकनीक सीखने उमर्दा पहुंचे 50 किसान
कन्नौज में पान उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 50 किसानों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को पान की खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई, जैसे बरेजा निर्माण, बुवाई का चुनाव, और रोग-कीट नियंत्रण। विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक विधियों को अपनाने पर जोर दिया।
कन्नौज, संवाददाता। पान उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल उमर्दा में जनपद के 50 किसानों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में किसानों को पान की खेती से जुड़ी विभिन्न तकनीकों की जानकारी देने के साथ उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शंकर सिंह ने पान उत्पादन में आधुनिक तकनीक से बरेजा निर्माण की विधि, बुवाई के लिए पान की बेल का चुनाव, पान बेल शोधन, बेल बांधने, पान पत्ती की तुड़ाई और भंडारण आदि के बारे में किसानों को तकनीकी जानकारी दी।
उन्होंने किसानों को पान की खेती में बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक विधियों को अपनाने पर जोर दिया। एलायंस कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन, बांगरमऊ के असिस्टेंट प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने पान उत्पादन में भूमि शोधन, सिंचाई तथा रोग-कीट नियंत्रण समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने पान की खेती से संबंधित तकनीकी पहलुओं को समझा और विशेषज्ञों से अपनी समस्याओं का समाधान भी जाना। इस मौके पर प्रभारी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रवीण कुमार, सहायक उद्यान निरीक्षक रोहित कुमार, उद्यान विशेषज्ञ कुंवर वैभव प्रताप सिंह, प्लांट पैथोलॉजिस्ट बृजभान सिंह, कीट विशेषज्ञ जितेंद्र कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


