सब्जियों की खेती के लिए किया प्रशिक्षित
आजमगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र में सब्जियों की संरक्षित खेती पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कई विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों जैसे पॉली हाउस, नेट हाउस इत्यादि का उपयोग करके सब्जियों की खेती की विधियों की जानकारी दी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और आय में वृद्धि के लिए वैज्ञानिक तरीकों के बारे में बताया गया।

आजमगढ़, संवाददाता। कृषि विज्ञान केंद्र कोटवां में वरिष्ठ वैज्ञानिक और अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में किसानों को सब्जियों की संरक्षित खेती के लिए प्रशिक्षण दिया गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान उद्यान वैज्ञानिक डॉ. विजय कुमार विमल ने सब्जियों के संरक्षित खेती की जानकारी दी। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में खेती के नवीनतम तकनीकी पॉली हाउस, नेट हाउस, शेड नेट हाउस, लो-टनल पाली हाउस जैसी संरक्षित खेती की जानकारी दी गई। संरचनाओं के निर्माण, प्रबंधन और उपयोगिता के बारे में बताया गया। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश कुमार यादव ने संरक्षित खेती की उपयोगिता और विपरीत मौसम में सब्जियों के उत्पादन, अनुदान और उसके महत्व के बारे में बताया।
संरक्षित खेती में टमाटर, शिमला मिर्च, खीरा सहित विभिन्न सब्जियों के उत्पादन तकनीक पौधे की कटाई छटाई, सिंचाई पद्धति तापमान, आर्द्रता, प्रकाश प्रबंधन, तुड़ाई, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन आदि की जानकारी दी। वरिष्ठ मृदा वैज्ञानिक डॉ. रणधीर नायक ने संरक्षित खेती में पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया। फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्र ने संरक्षित खेती में लगने वाले रोग कीट के पहचान के साथ समेकित कीट प्रबंधन, रोग प्रबंधन जैविक नियंत्रण के बारे में बताया। प्रशिक्षण के समापन पर प्रशिक्षण संयोजक ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से संरक्षित खेती अपना कर किसान कम क्षेत्रफल में गुणवत्तापूर्ण अकौर विपरीत मौसम में वर्ष भर सब्जियों का उत्पादन कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।

