बाल वाटिका को बनाया जाएगा बच्चों की मुस्कान और सीख का केंद्र
चित्र परिचय का चार दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न पूर्व प्राथमिक शिक्षा, जादुई पिटारा और एजुकेटर के दायित्वों पर चर्चा सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। राष्ट्

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 अंतर्गत आदर्श बाल वाटिका के संचालन एवं पूर्व प्राथमिक शिक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में 168 ईसीसीई एजुकेटर का चार दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को संपन्न हुआ। दो बैच में आयोजित प्रशिक्षण सात से 10 सितंबर तक चला, जिसमें नौगढ़, जोगिया, बांसी समेत जनपद के सभी विकासखंडों के ईसीसीई एजुकेटरों ने प्रतिभाग किया।समापन अवसर पर डायट के उप प्राचार्य लालजी पांडेय ने कहा कि आदर्श बाल वाटिका ऐसी होनी चाहिए, जहां आने वाले प्रत्येक बच्चे के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दे और खेल-खेल में सीखने का अवसर मिले।
उन्होंने ईसीसीई एजुकेटरों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। जिला समन्वयक निपुण आशीष सिंह ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों एवं ईसीसीई एजुकेटर की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रवक्ता डॉ. प्रतिभा सिंह ने पूर्व प्राथमिक शिक्षा से परिचय कराने के साथ बाल वाटिका को लेकर उत्तर प्रदेश के विजन की जानकारी दी। नोडल एआरपी उत्कर्ष श्रीवास्तव ने क्रियाशील बाल वाटिका के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। वहीं नोडल एसआरजी अपूर्व श्रीवास्तव ने ईसीसीई एजुकेटर के कार्य एवं दायित्वों को विस्तार से समझाया। नोडल शिक्षक संकुल बृजकिशोर तिवारी ने ‘जादुई पिटारा’ के माध्यम से बच्चों को रोचक एवं गतिविधि आधारित तरीके से सीखने की प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बाल विकास, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा बाल वाटिका को प्रभावी बनाने के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल मिश्रा, रामचंद्र मौर्य, श्याम प्रताप सिंह, प्रवक्ता बद्रीनारायण, डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला समन्वयक निपुण आशीष सिंह, एसआरजी अपूर्व श्रीवास्तव, एआरपी उत्कर्ष श्रीवास्तव, नोडल शिक्षक संकुल बृजकिशोर तिवारी सहित ईसीसीई एजुकेटर अंजली, पिंकी वर्मा, सौम्या, ज्योति, श्वेता, अर्चना, प्रिया, निशा, क्षमा आदि मौजूद रहीं।


