मीना मंच को सशक्त बनाने को छह शिक्षक प्रशिक्षित
गोंडा जनपद के छह शिक्षकों को मीना मंच सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में किशोर-किशोरियों के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया। शिक्षकों को लैंगिक रूढ़िवादिता से मुक्त सोच विकसित करने, आत्म-सम्मान को बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने की ट्रेनिंग दी गई।

मेहनौन, संवाददाता। स्पेशल प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी के तहत मीना मंच के सशक्तिकरण और पॉवर एंजिल्स में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से गोंडा जनपद के छह शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमैट), प्रयागराज में आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों ने किशोर-किशोरियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी हासिल की। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों में दुर्गा प्रसाद गुप्ता, पंकज चौधरी, माधुरी तिवारी, श्रद्धा दुबे, श्वेता सिंह और गौरव श्रीवास्तव शामिल रहे। प्रशिक्षित शिक्षक जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों, कंपोजिट विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में मीना मंच के सुगमकर्ताओं को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण देंगे।
प्रशिक्षण के दौरान किशोर-किशोरियों में लैंगिक रूढ़िवादिता से मुक्त सोच विकसित करने, मीडिया में दिखाए जाने वाले आदर्शों के आधार पर स्वयं का मूल्यांकन न करने, अपनी क्षमताओं और गुणों को पहचानने तथा संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, समानता की भावना और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। इसके माध्यम से उन्हें अपने अधिकारों और क्षमताओं की पहचान कर समाज में सशक्त एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जाएगा।

