चम्पावत में लगेगा अग्निवीर भर्ती ट्रेनिंग कैंप, तैयारी शुरू
चम्पावत में पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल अग्निवीर भर्ती के लिए चार माह का प्रशिक्षण कैंप लगाने जा रहे हैं। ये कैंप विजय दशमी से शुरू होगा और 751 युवा पहले से ही तैयारी कर रहे हैं। यूथ फाउंडेशन ने अब तक 15 हजार युवाओं को भर्ती में मदद की है।

चम्पावत। उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल चम्पावत में अग्निवीर भर्ती के लिए ट्रेनिंग कैंप लगाने जा रहे हैं। उनकी संस्था यूथ फाउंडेशन ने इसके लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कर्नल कोठियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यूथ फाउंडेशन अपना चार माह का कैंप चम्पावत जिले में लगाने जा रहा है। कोठियाल ने बताया की विजय दशमी के दिन से ये कैंप अपनी गतिविधियां शुरू कर देगा। उन्होने बताया कि वर्तमान में गढ़वाल में सात स्थानों पर लगे कैंपों में 751 युवा, अग्निवीर में भर्ती कि तैयारियों के लिए अभ्यास कर रहे है।
अभी तक यूथ फाउंडेशन भारतीय सेना और अर्ध सैनिक बलों में 15 हज़ार से अधिक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में सहयोग कर चुका है। बताया कि युवाओं के लिए ये कैंप निशुल्क लगाए जाते है और उनके भोजन और अन्य सुविधाओ की व्यवस्था यूथ फाउंडेशन द्वारा ही उपलब्ध करवाई जाती रही है। बताया कि जो युवा अग्निवीर की तैयारी करने के इच्छुक होंगे उनका शीघ्र ही शारीरिक टेस्ट लिया जाएगा उसमे पास युवाओं को चार माह के कठिन अभ्यास वर्ग से गुजरना होगा।बताया कि सेना में भर्ती के लिए जितने भी टेस्ट होते है चाहे वो रिटर्न हो, दौड़ हो, शारीरिक हो सबका अभ्यास, कैंप में कराया जाता है। उन्होंने बताया कि पिछली बार उनके कैंपो में 752 युवा आये थे जिनमे से 702 का चयन सेना में हुआ शेष ने पैरा मिलिट्री और पुलिस सेवाओं में अपने टेस्ट दिए है। कर्नल अजय कोठियाल ने बताया कि अग्निवीर को लेकर कोई संशय नही है। चार साल की सेना सेवा के उपरांत उनके लिए जॉब और स्व रोजगार के लिए सरकार ने समुचित व्यवस्था दी हुई है।


