जनगणना की सटीकता प्रशिक्षित कार्मिकों पर निर्भर : डीएम
जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए क्षेत्रीय प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हुआ। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसमें प्रशिक्षक जनगणना कार्मिकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं, इसलिए कार्य की गुणवत्ता प्रशिक्षण पर निर्भर करती है।

जनगणना-2027 के दूसरे चरण को व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूरा कराने के लिए सोमवार को क्षेत्रीय प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। कलेक्ट्रेट के मानस सभागार में जिलाधिकारी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशिक्षित होने के बाद ये प्रशिक्षक जनगणना कार्मिकों और क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। इसके आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाएं, नीतियां और कल्याणकारी कार्यक्रम तैयार किए जाते हैं। इसलिए इस कार्य से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता काफी हद तक कार्मिकों के प्रशिक्षण पर निर्भर करती है।
प्रशिक्षक पूरी गंभीरता से प्रत्येक प्रक्रिया को समझें और किसी बिंदु पर शंका होने पर उसका तत्काल समाधान प्राप्त करें। प्रशिक्षण में मिली जानकारी को जनगणना कार्मिकों और पर्यवेक्षकों तक सरल एवं व्यावहारिक तरीके से पहुंचाया जाए। प्रशिक्षण में कार्मिकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका, क्षेत्र में काम करने की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्र और प्रश्नावली भरने, जरूरी सावधानियां तथा संभावित समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता, समयबद्धता और निर्धारित प्रक्रिया के पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्मिकों से नागरिकों को जनगणना का महत्व बताकर उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अविनाश चंद्र मौर्य, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी पवन तिवारी, ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक विपिन पाल, जनगणना के मुख्य प्रशिक्षक और क्षेत्रीय पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

