ट्रेन में मोबाइल चोरी, खाते से 1.90 लाख उड़ाए
गुलरिहा क्षेत्र के रामप्रवेश गुप्ता ने ट्रेन में मोबाइल चोरी होने के बाद जालसाजों द्वारा अपने बैंक खाते से करीब 1.90 लाख रुपये निकालने की शिकायत की। 18 सितंबर को जम्मू यात्रा के दौरान उनका मोबाइल लुधियाना में चोरी हो गया। पर्मिशन के बिना बैंक खाते से राशि निकलने की जानकारी उन्हें बाद में मिली।

गुलरिहा, हिन्दुस्तान संवाद। ट्रेन में मोबाइल चोरी होने के बाद नंबर बंद नहीं होने का फायदा उठाकर जालसाजों ने गुलरिहा क्षेत्र के एक व्यक्ति के बैंक खाते से चार दिन में करीब 1.90 लाख रुपये निकाल लिए। घर लौटने के बाद दूसरा सिम लेने और बैंक स्टेटमेंट देखने पर पीड़ित को खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। उसने गुरुवार को गुलरिहा पुलिस और साइबर टीम से शिकायत की है। सराय गुलरिहा निवासी रामप्रवेश गुप्ता 18 सितंबर को साथियों के साथ ट्रेन से जम्मू स्थित वैष्णो देवी दर्शन के लिए निकले थे। 19 सितंबर को पंजाब के लुधियाना में ट्रेन में मोबाइल चार्ज करते समय उनका मोबाइल चोरी हो गया।
अमृतसर पहुंचने पर उन्होंने जीआरपी में मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई। साथ ही अपना मोबाइल नंबर बंद कराने के लिए गांव के दुकानदार को फोन किया, लेकिन नंबर बंद नहीं हो सका। रविवार को दर्शन कर घर लौटने के बाद रामप्रवेश ने दूसरा सिम लिया। इसके बाद बैंक खाते की जानकारी लेने पहुंचे तो करीब 1.90 लाख रुपये गायब मिले।

