टाटा से हटिया समेत कई कई ट्रेनें रहीं रद्द, यात्री परेशान
चक्रधरपुर मंडल में बृजराजपुर के पास यार्ड विस्तार कार्य के कारण कई ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। इससे झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के यात्रियों को कठिनाई हुई है। 19 से 23 सितंबर तक यह लाइन ब्लॉक जारी रहेगा, जिससे यात्रा प्रभावित होने की संभावना है।

चक्रधरपुर मंडल में सोमवार को बृजराजपुर के पास यार्ड विस्तार कार्य के लिए दिन में लाइन ब्लॉक रहा। इससे टाटानगर से बिलासपुर, हटिया, बरकाकाना और आसनसोल की ट्रेनों का परिचालन रद्द रहा। आसनसोल और धनबाद से आदित्यपुर आने वाली दोनों एक्सप्रेस ट्रेनों को आद्रा स्टेशन से अपडाउन कराने की तैयारी है। लाइन ब्लॉक में ट्रेनें रद्द रहने और परिचालन दूरी कम होने से झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के यात्रियों को आवागमन में दिक्कत हुई। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन से यार्ड विस्तार को लेकर 19 से 23 सितंबर तक लाइन ब्लॉक का आदेश है। इससे टाटा-बरकाखाना मेमू 23 सितंबर, टाटा-बिलासपुर एक्सप्रेस 22 सितंबर, टाटा-आसनसोल मेमू 22 सितंबर, टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 22 सितंबर, टाटा-खड़गपुर मेमू 22 सितंबर, आदित्यपुर-हटिया मेमू 21 व 22 सितंबर तथा पुरुलिया-झाड़ग्राम मेमू 22 सितंबर तक रद्द हैं।
झाड़ग्राम-धनबाद व पुरुलिया मेमू ट्रेन 20 सितंबर को भी रद्द थी। बता दें कि चक्रधरपुर और खड़गपुर मंडल की विभिन्न ब्रांच लाइनों पर लगातार लाइन ब्लॉक से यात्रियों का एक स्थान से दूसरे स्थान जाना मुश्किल हो गया है।


