लाइन ब्लॉक से लेट हो रहीं हावड़ा और मुंबई की ट्रेनें
खड़गपुर और चक्रधरपुर मंडल में लाइन ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस को पांच घंटे, जबलपुर-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस को तीन घंटे, और अन्य ट्रेनों को भी देरी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें की हैं।

खड़गपुर और चक्रधरपुर मंडल में चल रहे लाइन ब्लॉक के कारण ट्रेनों का परिचालन अस्त-व्यस्त हो गया है। शुक्रवार को मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस पांच घंटे, जबलपुर-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस तीन घंटे, मुंबई-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस चार घंटे, पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से टाटानगर पहुंची। वहीं, हावड़ा से आने वाली जनशताब्दी और इस्पात एक्सप्रेस भी करीब एक से डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचीं। इसके अलावा कई लोकल ट्रेनें भी निर्धारित समय से देरी से चलीं। लेट चल रही ट्रेनों को समय में बदलाव कर रवाना किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मालूम
हो कि राउरकेला के पास रेल लाइन पर कार्य चल रहा है। इसके उत्कल और साउथ बिहार एक्सप्रेस टाटा होकर नहीं आईं, बल्कि बदले हुए मार्ग से संचालित की गईं। वहीं, लाइन ब्लॉक के दिनों में टाटा से चलने वाली बिलासपुर, इतवारी और हटिया एक्सप्रेस को रेलवे रद्द कर देता है। उधर, हावड़ा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म लाइन पर चल रहे कार्य के कारण कई ट्रेनों का परिचालन संतरागाछी और शालीमार स्टेशन से किया जा रहा है। इसका असर भी ट्रेनों के समय पर पड़ रहा है। ट्रेनों की लगातार हो रही देरी को लेकर यात्री सोशल मीडिया पर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। वहीं, झारखंड रेल यूजर्स ने भी सोशल मीडिया एक्स पर इस मुद्दे को उठाया है।


