छत्तीसगढ़ः बिलासपुर में मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार दोपहर करगी रोड स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के तीन खाली डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना बिलासपुर-कटनी रेल खंड की डाउन लाइन पर हुई। रेलवे की टीमें घटनास्थल पर पहुंची और डिब्बों को पटरी पर लाने का कार्य शुरू किया। अप लाइन पर परिचालन में कोई बाधा नहीं आई।

बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करगी रोड स्टेशन के पास सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी के तीन खाली डिब्बे पटरी से उतर गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बिलासपुर-कटनी रेल खंड की डाउन लाइन पर दोपहर 2:35 बजे हुई। खाली मालगाड़ी पेन्ड्रा रोड से बिलासपुर की ओर जा रही थी। हादसे के तुरंत बाद रेलवे की कई टीम मौके पर पहुंचीं और प्रभावित डिब्बों को दोबारा पटरी पर लाने के लिए बहाली कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग की अप लाइन पूरी तरह से चालू है और उस लाइन पर यात्री तथा मालगाड़ियों का परिचालन बिना किसी बाधा के जारी है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि बहाली कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा और डाउन लाइन पर भी यातायात जल्द ही फिर से शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल पाएगा।


