सिग्नल की गलतफहमी से बेपटरी हुई महानंदा एक्सप्रेस

हिन्दुस्तान, आरा
Follow us on Google News
share

आरा स्टेशन पर रविवार की तड़के महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए। यह घटना तब हुई जब लोको पायलट ने ग्रीन सिग्नल को अपनी ट्रेन के लिए समझ लिया था, जबकि वह अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए था। हादसे से रेलवे परिचालन प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों में देरी हुई।

सिग्नल की गलतफहमी से बेपटरी हुई महानंदा एक्सप्रेस

-आरा स्टेशन पर रविवार की तड़के हादसा, अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए था ग्रीन सिग्नल और चल पड़ी महानंदा -लोको पायलट बोलो : स्टेशन मास्टर से बात कर बैक करते समय जनरल और एसी कोच के पहिए उतर गये पटरी से आरा, निज प्रतिनिधि । आरा रेलवे स्टेशन पर रविवार की तड़के महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच के बेपटरी होने के हादसे की जांच जारी है। इसके पीछे अब तक जो वजह सामने आई है, उस बिंदु पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के लोको पायलट ने अप मेन लाइन पर दिए गए ग्रीन सिग्नल को अपनी ट्रेन के लिए समझ लिया और महानंदा एक्सप्रेस को आगे बढ़ा दिया।

जबकि, उक्त सिग्नल 22587 अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए था, जिसे पटना से बनारस की ओर जाना था। इस हादसे में महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए। हादसे के कारण अप लाइन पर रेलवे परिचालन प्रभावित हुआ और एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को विलंब होना पड़ा। 3:56 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी महानंदा रविवार की सुबह करीब 3 बजकर 56 मिनट पर 15483 अलीपुरद्वार-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। इसी दौरान अप लाइन की मेन लाइन पर ग्रीन सिग्नल दिया गया। यह ग्रीन सिग्नल महानंदा एक्सप्रेस के लिए नहीं, बल्कि 22587 अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए था। अमृत भारत एक्सप्रेस सियालदह से बनारस जा रही थी और पटना से सुबह करीब 3 बजकर 16 मिनट पर रवाना हुई थी। अमृत भारत के लिए मिला था ग्रीन सिग्नल अमृत भारत एक्सप्रेस को आरा स्टेशन के मेन लाइन से होकर गुजरना था। इसी के लिए स्टेशन मास्टर ने ग्रीन सिग्नल दिया था। अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 3 बजकर 58 मिनट पर आरा स्टेशन से गुजर गई। इस ट्रेन का आरा स्टेशन पर ठहराव नहीं है। इसी दौरान महानंदा एक्सप्रेस के लोको पायलट ने ग्रीन सिग्नल को अपनी ट्रेन के लिए समझ लिया और ट्रेन को आगे बढ़ा दिया। ट्रेन के आगे बढ़ने के बाद मामला गंभीर हो गया, क्योंकि इंजन समेत ट्रेन के कुछ हिस्से आगे स्थित प्वाइंट को पार कर चुके थे। इंजन, एसएलआर और एसी कोच प्वाइंट पार कर गए महानंदा एक्सप्रेस के आगे बढ़ने पर 593/9A पोल संख्या के पास सासाराम की तरफ जाने वाली लाइन के प्वाइंट को ट्रेन का इंजन, जनरल बोगी (एसएलआर) और एसी कोच एच-1 पार कर गए। प्वाइंट पार करने के बाद लोको पायलट को स्थिति का पता चला। इसके बाद उन्होंने स्टेशन मास्टर को मामले की जानकारी दी। बताया जाता है कि स्टेशन मास्टर से मिले निर्देश के बाद ट्रेन को वापस यानी रिवर्स करने की प्रक्रिया शुरू की गई। यह बात लोको पायलट ने भी मीडिया को दिये बयान में कही है। रिवर्स करते समय उतरे कोच के पहिए ट्रेन के आगे निकल जाने के कारण प्वाइंट की स्थिति बदल चुकी थी। इसी दौरान जब लोको पायलट ट्रेन को रिवर्स कर रहा था, तब जनरल बोगी के दो और एच-1 कोच के दो पहिए पटरी से उतर गए। दोनों कोच के डिरेल होने से रेलवे ट्रैक और प्वाइंट को भी नुकसान पहुंचा। बताया गया कि हादसे में पटरी के पांच क्लिप और प्वाइंट क्षतिग्रस्त हुए। डेढ़ घंटे बाद पहुंची दुर्घटना राहत मेडिकल वैन दो कोच के पटरी से उतरने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर स्पारम यानी सेल्फ प्रोपेल्ड एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल वैन को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद डिरेल हुए दोनों कोच को ट्रेन से अलग किया गया। उन्हें ट्रैक पर ही अलग करने के बाद दूसरे इंजन की मदद से ट्रेन को पीछे किया गया और दूसरे ट्रैक पर लाया गया। 6:35 बजे दोनों कोच पटरी पर चढ़ाए गए रेलवे कर्मचारियों की मशक्कत के बाद करीब 6 बजकर 35 मिनट पर डिरेल हुए दोनों कोच को दोबारा पटरी पर चढ़ा दिया गया। इसके बाद महानंदा एक्सप्रेस को आगे रवाना करने की प्रक्रिया पूरी की गई। हालांकि, हादसे के चलते आरा स्टेशन और आसपास के रेल परिचालन पर इसका असर पड़ा। महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से लेकर उसे दोबारा रवाना किए जाने तक वंदे भारत एक्सप्रेस,विभूति, नॉर्थ ईस्ट,फरक्का एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित और विलंबित हुईं। हादसा एक नजर में सुबह 04.02 बजे अप लाइन में महानंदा एक्सप्रेस पटरी से उतरी आगे का जनरल कोच और एसी वन कोच के पहिये पटरी से उतरे पूरब साइड के दो और पश्चिम तरफ के दो पहिए यानी चार पहिए उतरे सुबह 05.35 बजे सेल्फ प्रोपेल्ड एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल वैन पहुंची सुबह 06.35 बजे डिरेल पहिए को पटरी पर चढ़ाया गया सुबह 06. 48 बजे एआरटी पहुंची सुबह 06.55 बजे महाप्रबंधक और आईजी हाजीपुर घटना स्थल पहुंचे सुबह 07. 30 बजे ट्रेन रवाना हुई और परिचालन बहाल हुआ --------------- बोले लोको पायलट : गलत ट्रैक पर जाने का पता चलते ही रोकी ट्रेन आरा। महानंदा एक्सप्रेस के लोको पायलट उमाशंकर पांडेय ने बताया कि ट्रेन को आगे बढ़ाते समय मेन लाइन और जिस ट्रैक पर उनकी गाड़ी खड़ी थी, दोनों का सिग्नल ग्रीन था। उन्होंने ग्रीन सिग्नल देखकर ट्रेन को आगे बढ़ाया। कुछ दूर जाने के बाद उन्हें पता चला कि ट्रेन का पॉइंट दूसरी दिशा में सेट था और गाड़ी दूसरे ट्रैक की ओर जा रही थी। स्थिति का पता चलते ही उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी। उन्होंने इसके बाद ब्रेकिंग किया। लोको पायलट के अनुसार, उन्होंने स्टेशन मास्टर से पूछा कि उनकी गाड़ी गलत दिशा में क्यों जा रही है? इस पर स्टेशन मास्टर ने बताया कि ग्रीन सिग्नल उनकी ट्रेन के लिए नहीं था। इसके बाद ट्रेन को वहीं रोक दिया। उमाशंकर पांडेय ने बताया कि बाद में उन्हें ट्रेन को धीरे-धीरे रिवर्स करने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि ट्रेन को पीछे करने की प्रक्रिया शुरू करते ही कुछ तकनीकी दिक्कत सामने आई। इसके बाद उन्होंने ट्रेन के पीछे मौजूद गार्ड से संपर्क किया और उनकी मदद से धीरे-धीरे ट्रेन को रिवर्स किया जाने लगा, जिसके बाद ट्रेन डिरेल हो गई। ------- बोले स्टेशन प्रबंधक, जानकारी मिलते ही पहुंचा स्टेशन आरा। ट्रेन के गलत सिग्नल पर आगे बढ़ने के बाद एसएलआर और एच-1 बोगी के डिरेल होने की घटना में तत्काल स्टेशन प्रबंधक एनके राय को सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि हादसे की जानकारी मिलने के बाद करीब साढ़े चार बजे ही स्टेशन प्रबंधक एनके राय आरा जंक्शन पहुंच गए थे। उन्होंने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। हादसे के बाद एनके राय का एक वीडियो भी वायरल हुआ। इसमें उन्होंने कहा है कि उनकी ओर से किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर बैठाने से लेकर ट्रेन को रवाना कराने तक की प्रक्रिया पूरी कराई। एनके राय के मुताबिक, उन्हें सुबह जैसे ही ट्रेन के डिरेल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत घर से गाड़ी रिजर्व की और करीब 10 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि ट्रेन की एसएलआर और एच-1 बोगी डिरेल हुई थी। दोनों बोगियों के दो-दो पहिए पटरी से उतर गए थे। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी अधिकारियों को देने के बाद ट्रेन के यात्रियों को प्लेटफार्म पर बैठाया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दूसरे इंजन की मदद से डिरेल बोगियों को अलग कर ट्रेन को रिवर्स कराया गया और दूसरी दिशा में लाया गया। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर चार पर मौजूद यात्रियों को दोबारा ट्रेन में उनकी सीटों पर बैठाया गया और ट्रेन को रवाना कर दिया गया। सस्पेंड किए जाने के बाद स्टेशन प्रबंधक ने कहा, “मेरी कोई गलती नहीं है। जो मेरा कर्तव्य था, मैंने उसे किया। मैं स्पॉट पर था और सबसे पहले पहुंचने वाला भी मैं ही था। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के आदेश पर उन्हें निलंबित किया गया है। एनके राय के अनुसार, उनकी नजर में हादसे के लिए ड्राइवर की लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि उन्होंने घटना के बाद अपनी जिम्मेदारी के मुताबिक सभी जरूरी कदम उठाए थे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने का कारण क्या था?−
महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने का कारण लोको पायलट द्वारा ग्रीन सिग्नल को अपनी ट्रेन के लिए समझना था, जबकि वह सिग्नल अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए था।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसिग्नल की गलतफहमी से बेपटरी हुई महानंदा एक्सप्रेस