चलती मालगाड़ी की कपलिंग टूटी, दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ीं
बागपत में मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी की कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। दिल्ली से चंडीगढ़ जा रही ट्रेन में यह घटना सुबह 6:30 से 7:00 बजे के बीच हुई। चालक ने सूझबूझ से ट्रेन को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना से रेल संचालन पर असर पड़ा, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।
बागपत। दिल्ली-शामली रेलमार्ग पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अहेड़ा रेलवे हॉल्ट के पास चलती मालगाड़ी की कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। घटना सुबह करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच हुई। अचानक हुई मालगाड़ी पार्टिंग से रेल अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई तथा रेल संचालन प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रही मालगाड़ी अहेड़ा रेलवे हाल्ट के पास जंगो में कपलिंग फेल होने से कई वैगन इंजन से अलग हो गए। चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कपलिंग को दुरुस्त कर अलग हुए वैगनों को दोबारा जोड़ा गया। इसके बाद मालगाड़ी को सुरक्षित रूप से बागपत की ओर रवाना किया गया। इस दौरान दिल्ली-शामली रेलमार्ग पर रेल संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने स्थिति पर जल्द नियंत्रण पाते हुए परिचालन को सामान्य कर दिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है。
घटना का विवरण
शामली से दिल्ली जाने वाली 74022 पैसेंजर ट्रेन एक घन्टे तक बड़ौत रेलवे स्टेशन पर जबकि ट्रेन संख्या 64022 (सहारनपुर से दिल्ली) एक घन्टे तक बागपत रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही।
सामान्य स्थिति की बहाली
बड़ौत रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली की ओर से आने वाली मालगाड़ी बड़ौत रेलवे स्टेशन पर तकरीबन एक से डेढ़ घंटे तक देरी से पहुंची। बागपत में कुछ तकनीकी खराबी हो गई थी लेकिन इसकी सही जानकारी बागपत रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर ही दे सकते हैं।


