आज से शुरू होगी दीपावली की ट्रेनों की बुकिंग
गाजियाबाद में दीपावली के लिए रेल यात्रियों की टिकट बुकिंग सोमवार से शुरू हो रही है। धनतेरस के लिए ट्रेनों में आरक्षित सीटों की बुकिंग के साथ ही यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई है। लंबी दूरी की ट्रेनों में कन्फर्म सीट पाने के लिए मारामारी रहेगी। रेलवे विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी कर रहा है।

गाजियाबाद, संजीव वर्मा। दीपावली पर घर जाने वाले रेल यात्रियों की बेचैनी बढ़ने वाली है। त्योहार के लिए ट्रेनों में आरक्षित टिकटों की बुकिंग सोमवार से शुरू हो जाएगी। दो माह पहले टिकट बुकिंग की व्यवस्था के तहत छह नवंबर को पड़ने वाली धनतेरस के लिए सोमवार से टिकट बुक किए जा सकेंगे। इसके साथ ही दीपावली पर घर जाने के लिए कन्फर्म सीट हासिल करने की होड़ शुरू हो जाएगी। दीपावली और धनतेरस पर बड़ी संख्या में लोग दिल्ली-एनसीआर से अपने गृह जनपदों का रुख करते हैं। गाजियाबाद से होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है।
त्योहार के दौरान लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में सीटों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। रेलवे किसी भी ट्रेन में सीट की बुकिंग दो माह या 60 दिन पहले खोलता है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी यात्रियों को बुकिंग खुलते ही टिकट लेने की मारामारी रहेगी। प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म सीट कुछ ही समय में भरने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों ने अभी से यात्रा की तारीख और ट्रेन तय करनी शुरू कर दी है। सोमवार को छह नवंबर की टिकट बुकिंग शुरू होगी। हालांकि जिन लोगों को पहले जाना है उन्होंने सीट बुक करा ली हैं। सबसे ज्यादा मारामारी धनतेरस से छोटी दीपावली तक होती है। यही वजह है कि सोमवार से सीटों की बुकिंग ज्यादा होगी।रेलवे भी दीपावली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी करता है। हालांकि, इन ट्रेनों की घोषणा बाद में की जाएगी। बुकिंग शुरू होने के बाद यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि किन ट्रेनों में सबसे अधिक मांग है। रेलवे स्टेशन पर भी त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की संभावना है।


