ट्रेन में गूंजी नवजात की किलकारी,रेलवे ने दिखाई संवेदनशीलता
बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में एक महिला ने अचानक प्रसव पीड़ा के बाद बच्चे को जन्म दिया। ट्रेन को चौरीचौरा स्टेशन पर रुका कर उसे अस्पताल भिजवाया गया। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। परिवार ने रेलवे की सहायता के लिए आभार व्यक्त किया है।

चौरीचौरा, हिन्दुस्तान संवाद। दिल्ली से छपरा जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में गुरुवार को मध्यरात्रि के बाद उस समय यात्रियों की धड़कनें बढ़ गईं, जब ट्रेन में सफर कर रही महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कुछ ही देर में उसने ट्रेन के अंदर बच्चे को जन्म दे दिया। रेलवे ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ट्रेन को चौरीचौरा स्टेशन पर विशेष रूप से रुकवाकर महिला जच्चा-बच्चा को सीएचसी चौरीचौरा भिजवाया। परिवार ने रेलवे की सक्रियता पर आभार जताया है। बिहार के छपरा सारण निवासी किरन अपने पति दशरथ यादव के साथ बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से नई दिल्ली से लौट रही थीं। गोरखपुर के आसपास अचानक उन्हें प्रसव पीड़ा होने लगी। हालत बिगड़ती देख ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने उनकी मदद की और महिला ने ट्रेन में बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद यात्रियों ने रेलवे को सूचना दी。
प्रसव के बाद की स्थिति
रेलवे कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर गुरुवार मध्यरात्रि के बाद चौरीचौरा स्टेशन पर ट्रेन को भोर में करीब 2:45 बजे रोकर एंबुलेंस से प्वाइंट मैन हर्ष कुमार की मदद से जच्चा-बच्च को सीएचसी चौरीचौरा भिजवाया। चिकित्सकों ने मां और बच्चे का उपचार कर घर भेज दिया। स्टेशन मास्टर पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कंट्रोल रूम से प्रसव की सूचना मिलते ही ट्रेन को चौरीचौरा में रोका गया और एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
डिस्चार्ज की प्रक्रिया
घर जाने की जल्दी में मां-बच्चा डिस्चार्ज
जच्चा-बच्चा को शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। नर्स उन्हें अभी रोकना चाह रही थीं, लेकिन महिला के पति ने घर जाने की जरूरत बताते हुए काफी अनुरोध किया। महिला के साथ सामान अधिक था और तीन बच्चे भी थे। पति के अनुरोध पर डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद परिवार मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन से घर के लिए रवाना हो गया।


