ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की मौत
हरदोई में संडीला-बालामऊ रेलखंड पर चलती ट्रेन से गिरकर बिहार के किशनगंज निवासी 26 वर्षीय मोहसिन की मौत हो गई। वह पठानकोट में काम करने के लिए जा रहे थे। परिजनों को सूचना दी गई और शनिवार को उनका शव पोस्टमार्टम के बाद सुपुर्द कर दिया गया।

हरदोई। संडीला-बालामऊ रेलखंड पर चलती ट्रेन से गिरकर बिहार के किशनगंज निवासी 26 वर्षीय मोहसिन की मौत हो गई। शनिवार को परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। मोहसिन पठानकोट में मजदूरी करते थे। परिजनों ने बताया कि वह गुरुवार रात किशनगंज से अजमेर के लिए ट्रेन से रवाना हुए थे, जहां से उन्हें दूसरी ट्रेन पकड़कर पठानकोट जाना था। शुक्रवार को संडीला और बालामऊ रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े। सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मोहसिन को पहले कछौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बाद में राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने पहचान कर परिजनों को सूचना दी। शनिवार को परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उनके सुपुर्द कर दिया गया।


