बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराया आलू लदा ट्रक, क्लीनर की मौत, चालक घायल
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक ट्रक सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गया, जिसमें क्लीनर की मौके पर मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा किमी संख्या 181 पर हुआ। एक्सप्रेसवे के बचाव दल ने दोनों को ट्रक से बाहर निकाला, परंतु क्लीनर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

उरई, संवाददाता। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के उरई कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह शिकोहाबाद से आलू लादकर मऊरानीपुर जा रहा ट्रक किमी संख्या 181 पर सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक में सवार क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मऊरानीपुर के नई बस्ती निवासी ट्रक चालक इमरान अपने साथी 52 वर्षीय संतोष को क्लीनर के रूप में लेकर शिकोहाबाद से ट्रक में आलू भरकर मऊरानीपुर जा रहे थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे जब उनका ट्रक एक्सप्रेसवे पर किमी संख्या 181 पर पहुंचा तो ओवरटेक के दौरान ट्रक सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व क्लीनर केबिन में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे के बचाव दल के कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रक से बाहर निकाला। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने क्लीनर संतोष को मृत घोषित कर दिया। चालक इमरान का इलाज जारी है। संतोष की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुत्र मनीष व मोहित का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर हल्का इंचार्ज उप निरीक्षक चंद्रजीत सिंह यादव मौके पर पहुंचे, क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


