पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल गौरी में एक युवक ने विवाद के बाद पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक राहुल निषाद की पत्नी ने बताया कि वह शराब का आदी था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
झंगहा/बरही, हिन्दुस्तान संवाद। झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल गौरी नंबर-एक के मल्लाह टोली में सोमवार सुबह विवाद के बाद एक युवक ने कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जंगल गौरी नंबर-एक निवासी राहुल निषाद (32) पुत्र रामाश्रय निषाद ने सोमवार सुबह अपने कमरे में पंखे से साड़ी बांधकर फंदा लगा लिया। घटना के समय उसकी मां किस्मती देवी शिव मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा से लौटने पर उन्होंने राहुल को फंदे से लटका देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने साड़ी काटकर उसे नीचे उतारा। परिजन उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक के परिवार की स्थिति
मृतक की पत्नी प्रियंका ने बताया कि राहुल शराब का आदी था और आए दिन विवाद करता था। दोनों के बीच पूर्व में भी कई बार विवाद हुआ था, जिसमें स्थानीय पुलिस ने सुलह-समझौता कराया था। 14 अगस्त को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। प्रियंका की शिकायत पर पुलिस ने राहुल को जेल भेज दिया था। बाद में मायके वाले प्रियंका को अपने साथ गायघाट ले गए थे.
राहुल की पारिवारिक जानकारी
राहुल की शादी खजनी थाना क्षेत्र के गायघाट में हुई थी। उसके दो बच्चे आठ वर्षीय बेटा रिषभ और पांच वर्षीय बेटी आराध्या हैं। राहुल चार बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के समय उसके पिता और एक भाई मुंबई में, जबकि छोटा भाई चंडीगढ़ में था। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की मां किस्मती देवी ने लिखित प्रार्थना पत्र दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.


