दोस्त को फोन करके युवक ने लगाई फांसी
तोता का ताल में पत्थर की टाल पर 40 वर्षीय युवक सोनू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने अपने दोस्त से कहा कि वह जीना नहीं चाहता। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है।

तोता का ताल (लोहामंडी) स्थित पत्थर की टाल पर शनिवार की दोपहर एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक टाल पर चालक का काम करता था। खुदकुशी से पहले युवक ने अपने दोस्त को फोन किया था। उससे कहा कि जीना नहीं चाहता। जिंदगी खत्म कर रहा है। दोस्त भागकर जब तक टाल पर आया देर हो चुकी थी। खुदकुशी की वजह साफ नहीं हो सकी है। घटना दोपहर करीब सवा एक बजे की है। किशोरपुरा निवासी 40 वर्षीय सोनू तोता का ताल स्थित पत्थर की टाल पर काम करता था। उसका भाई मोनू भी टाल पर काम करता है।
दोपहर को सोनू की पत्नी ने उसे फोन मिलाया। फोन नहीं उठने पर उसने मालिक मुकेश को फोन किया। कहा कि सोनू से बात नहीं हो पा रही है। उससे पूछ लें खाना भेज दे। सोनू ने इनकार कर दिया। मुकेश अपने घर चला गया। मोनू बाहर बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान सोनू ने अपने दोस्त अमित को फोन किया। उससे कहा कि मरने जा रहा है। अमित जब तक टाल पर आया देर हो चुकी थी। सूचना पर आई पुलिस ने सोनू का शव फंदे से उतारा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


